परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल स्थित बाबा परगो देवस्थान पर मंगलवार को मन्हास बिरादरी की अर्धवार्षिक मेल मनाई गई। मेल में मन्हास बिरादरी के अलावा अन्य बिरादरियों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर बाबा का आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत साफ-सफाई से हुई। इसके बाद विधिवत हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, क्षेत्र की खुशहाली तथा परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए आहुतियां अर्पित कीं। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर मन्हास बिरादरी के सदस्यों ने देवस्थान के उत्थान, कमेटी की मजबूती को और प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया। साथ ही आगामी अर्धवार्षिक मेल को और अधिक भव्य एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी चर्चा की।
मेल में पहुंचे विरादरी के सदस्यों ने बाबा परगो देव स्थान पर माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र में अमन-चैन की कामना की। अंत में देवस्थान प्रबंधक कमेटी ने मेले को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।