ज्यौड़ियां। अत्यधिक और गलत बिजली बिलों के कारण खौड़ में शुक्रवार दोपहर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। भारी-भरकम बिलों से परेशान जनता ने राज्य सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन में महिलाओं तथा बच्चों सहित क्षेत्र के कई लोग उपस्थित रहे। लोगों ने बताया कि बिजली विभाग की तरफ से हमें अत्यधिक बिल भेजे या रहे हैं। खौड़ निवासी महिला मीनू देवी ने बताया कि हम बिजली के बिल को हर माह जमा करवाते थे। बीते माह हमारा बिल 1203 रुपये आया था जो हमने आनलाइन पे कर दिया, हम लोग पिछले दो साल से बिल को आनलाइन ही जमा करवा रहे हैं। इस माह हमारा बिल 80152 रुपये आया है। विभाग से पूछना चाहते हैं कि हमारा इतना बिल कहां से आया।
विधवा महिला दर्शना देवी ने बताया कि जिनके घरों में एक पंखा और एक बल्ब जलता है उनका बिल चार हजार से अधिक आ रहा है और जो लोग एसी लगाकर सोते है उनका दो-दो सौ यह कहां का इंसाफ है। देवेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली विभाग की तरफ से भेजे जा रहे बिजली के बिलों को लेकर क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग और स्थानीय विधायक व मंत्री सतीश कुमार शर्मा को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमारी परेशानी का हल नहीं किया गया तो हम खौड़ तहसील ऑफिस के बाहर अनशन पर बैठ जाएंगे। तहसीलदार रंजीत सिंह ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर पता लगाया जाएगा कि अत्यधिक बिल आने का क्या कारण है। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के सामने सरकार और बिजली विभाग से मांग की कि गलत तरीके से भेजे गए भारी बिलों को तुरंत वापस लिया जाए।