ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले की पंचायत डगेर में स्थित बाबा मेईमल देवस्थान पर रविवार को उप्पल बिरादरी की तरफ से दो दिवसीय मेल का आयोजन किया गया। मेल के पहले दिन क्षेत्र के लोगों का सुबह पांच बजे से ही आना-जाना शुरू हो गया था। दोपहर तक हजारों लोगों ने बाबा मेईमल के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर बाबा मेईमल देव स्थान कमेटी के प्रधान बाबू राम ने बताया कि यहां पर साल में दो बार मेल का आयोजन होता है। इसके लिए खौड़ प्रशासन के निर्देश पर सभी सरकारी विभागों का काफी सहयोग मिलता है। मेल में भाग लेने वाले लोगों को साफ पानी, यातायात सुविधा, स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।
आज भी मेल के दौरान कृषि विभाग, बागवानी विभाग तथा आंगनबाड़ी विभाग की तरफ से स्टाल लगाकर सरकार की तरफ से जारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। मेल में बच्चों के लिए झूले भी लगाये गये थे।
वहीं बाबा मेईमल देव स्थान ढोक खालसा में भी उप्पल बिरादरी की तरफ से मेल का आयोजन किया गया। इस मौके पर गांव ढोक खालसा के साथ-साथ अन्य कई गांवों के लोगों ने देव स्थल पर माथा टेक आशीर्वाद प्राप्त किया। देवस्थान के प्रमुख पुजारी पंडित राज कुमार ने बताया कि मेल में बिरादरी के सभी लोग बढ़चढ़ कर, एकता और भाईचारे से भाग लेते हैं।