अरनिया। बिश्नाह के विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) अरनिया का निरीक्षण कर स्थापित की जा रही अल्ट्रासाउंड मशीन के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मशीन की स्थापना से जुड़े निर्माण कार्य, विद्युत और उपकरणों की फिटिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रगति विस्तार से देखी। संबंधित अधिकारियों से तय समय सीमा के अनुसार कार्य संपन्न करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष औपचारिकताएं और तकनीकी परीक्षण समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं ताकि जनता को एक अगस्त से अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में यह आधुनिक जांच सुविधा स्थानीय निवासियों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बड़ी मदद साबित होगी और उन्हें दूर के शहरों में जाकर जांच कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। विधायक भगत ने यह भी घोषणा की कि एक अगस्त 2026 को वे औपचारिक रूप से पीएचसी अरनिया में अल्ट्रासाउंड सेवा का उद्घाटन करेंगे।