सीमावर्ती गांव चक सदा की जीरो लाइन के पास सुरंग की अफवाह से अभियान चलते हुए सुरक्षा बल
- फोटो : samba news
सांबा। जिला सांबा के सीमावर्ती गांव चक सद्दा स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा (जीरो लाइन) पर रविवार सुबह सुरंग मिलने की अफवाह फैलने से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अफवाह के बाद बीएसएफ ने एहतियात के तौर पर बड़े स्तर पर एंटी-टनल अभियान शुरू कर दिया है। रक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुरंग की संभावित मौजूदगी का पता लगाने के लिए करीब 100 फुट क्षेत्र में खुदाई की जा रही है। अभियान में बड़ी-बड़ी मशीनों की मदद से जमीन की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल किसी सुरंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बीएसएफ की टीम पूरे क्षेत्र की गहन तलाशी और जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।