संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है। यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार नदी-नालों के किनारे और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले गुज्जर परिवारों की पहचान और सत्यापन का कार्य तेजी से चल रहा है। सुरक्षा एजेंसियां स्थानीय प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र में रहने वाले लोगों का रिकॉर्ड अपडेट कर रही हैं। बीएसएफ के जवान भी क्षेत्र में रहने वाले गुज्जर परिवारों के डेरों में पहुंच कर जांच कर रहे हैं।
इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक जवानों की तैनाती की गई है। प्रमुख मार्गों, संपर्क सड़कों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर गश्त बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार इलाके की निगरानी कर रही हैं और विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।
बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें। इससे यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाया जा सके।