सांबा। जिले में कई जगह वीरवार सुबह हुई बारिश और तेज हवाओं से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। तेज हवाएं चलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।
बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं। किसानों ने धान की रोपाई के लिए खेतों में तैयारी शुरू कर दी। दिनभर किसान खेतों में जुताई करते नजर आए। किसानों का कहना है कि यदि एक अच्छी बारिश और हो जाए तो वे अपने खेत पूरी तरह तैयार कर लेंगे।
किसान सोहन सिंह, बलवीर सिंह, सरत सिंह ने कहा कि नहरों में पानी नहीं है और लगातार बिजली कटौती के कारण उन्हें सिंचाई के लिए पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा था। आज हुई बारिश से खेतों की तैयारी में उन्हें कुछ हद तक राहत और मदद मिली है। उनके अनुसार इससे खेतों में कुछ नमी बन गई है। इसके चलते किसान अपने खेतों को तैयार करने में जुट गए हैं।