ज्यौड़ियां। कस्बा खौड़ में रविवार को ऑल जम्मू-कश्मीर दिव्यांग कल्याण संघ की मासिक बैठक प्रधान बंसी लाल की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में बड़ी संख्या में दिव्यांगों ने भाग लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में संघ के प्रधान शाम लाल तथा चेयरमैन सुशील कुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान 100 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से चेयरमैन सुशील शर्मा के मार्गदर्शन में एक जागरूकता रैली का आयोजन भी किया गया।
रैली के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं से अपील की गई कि वे नशे जैसी बुराई से दूर रहें। वक्ताओं ने कहा कि नशा एक ऐसा दलदल है जिसमें फंसकर व्यक्ति अपने जीवन को स्वयं संकट में डाल देता है। साथ ही यह भी कहा गया कि हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से नशे के माध्यम से युवाओं को गुमराह करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे समाज और राष्ट्र को नुकसान पहुंच रहा है। संघ ने सभी दिव्यांगजनों तथा आम नागरिकों से आग्रह किया कि यदि कहीं भी नशे का अवैध कारोबार होता दिखाई दे तो उसकी तुरंत सूचना पुलिस को दें।
इसके अतिरिक्त संघ ने उपराज्यपाल से यह भी अपील की कि जिस प्रकार नशा मुक्ति के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। उसी प्रकार बेरोजगार युवाओं के लिए भी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी योजनाएं शुरू की जाएं ताकि युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकें और नशे के दुष्चक्र से दूर रहें। बैठक में अन्य सदस्यों शाम दास, विजय कुमार तथा रमेश कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार साझा किए।