सांबा। कस्बे की मंडी ठलोरा में रविवार शाम जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाए जाने को लेकर जनचेतना और संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से चाय पर चर्चा'''' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की मेज़बानी सुभाष सिंह ने की।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी सांबा के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पूर्ण राज्य की बहाली के महत्व पर विस्तार से बात की और कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा यहां की जनता की भावनाओं के विपरीत है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राज्य का विशेष दर्जा खत्म होने के बाद से लोगों में असंतोष व्याप्त है और अब समय आ गया है कि लोकतांत्रिक अधिकारों की पुनर्बहाली के लिए हर नागरिक को जागरूक होना होगा।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त मास्टर पूरण सिंह, हरीश, गोवर्धन सिंह, रंजीव सिंह सहित कई स्थानीय नागरिक और युवाओं ने हिस्सा लिया। सभी ने जम्मू-कश्मीर की पूर्ण राज्य की मांग को मजबूती से दोहराया। सुभाष सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही जम्मू-कश्मीर की राज्य की बहाली की पक्षधर रही है और जनता की अवाज को हर मंच पर उठाती रहेगी। कार्यक्रम में विचार-विमर्श के साथ-साथ चाय के साथ संवाद का वातावरण भी बना, जिससे आम जनता अपनी बात खुलकर रख सकी।