सांबा। जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में इन दिनों संदिग्ध देखे जाने पर लोगों में भी भय बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में वीडीजी सदस्यों को लैस किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध देखे जाने पर वह सुरक्षा बलों के साथ कंधे से कंधा मिला कर मुकाबला कर सकें। ऑपरेशन सिंदूर के बाद जिले में संदिग्ध देखे जाने की अधिक सूचनाएं सामने आ रही हैं। सीमावर्ती निवासी पुरख सिंह, रंजीत, बलवीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत करने और अफवाहों के कारण होने वाली दहशत को रोकने के लिए ग्राम रक्षा समूहों (वीडीजी) को तत्काल सक्रिय किया जाए। वीडीजी जो ऐतिहासिक रूप से जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद का मुकाबला करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं को आधुनिक हथियारों से लैस किया जाए। प्रत्येक गांव में वीडीजी सदस्य बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सतर्कता को बढ़ाने के लिए सांबा जिले के प्रत्येक गांव को वीडीजी से लैस किया जाए।