सांबा। जिले के नड़ में स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक मेडिकल कार्यालय को नड़ से सांबा शिफ्ट करने की मांग उठी है। घगवाल निवासी राम पाल, पूर्व सरपंच कुलभूषण सिंह, बैनगलाड़ निवासी राकेश कुमार, पूर्व सरपंच दर्शन लाल ने कहा कि पहले ब्लॉक मेडिकल कार्यालय सांबा जिला अस्पताल में था, गत कुछ वर्ष से नड़ में चल रहा है।
उनके अनुसार नड़ सांबा से दस किलोमीटर दूर है। ऐसे में पीएचसी बैन गलाड से नड़ 20 किलोमीटर, घगवाल से नड़ 22 किलोमीटर, राजपुरा से नड़ 26 किलोमीटर है। ऐसे में यदि सांबा में शिफ्ट किया जाता है तो जहां स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ को सुविधा होगी वहीं आम लोगों को बीएमओ कार्यालय जाने की भी सहूलियत मिलेगी। उनके अनुसार जिला मुख्यालय में कई इमारतें खाली पड़ी हैं, वहां पर भी कार्यालय बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस बारे में वह जिला उपायुक्त से भी मिलेंगे।