सांबा। जिले के पहाड़ी कस्बा सुंब व राजपुरा के सनूरा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों को नियुक्त करने की स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है। स्थानीय निवासी बलकार सिंह, पंकज, कृष्ण सिंह आदि ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस डॉक्टर के नहीं रहने से मरीजों को परेशानी बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि गत छह माह तक बिना एमबीबीएस डॉक्टर के ही काम चलता रहा, एक दंत चिकित्सक के सहारे ही स्वास्थ्य केंद्र था। अब अस्थायी तौर पर एक डॉक्टर को नियुक्त किया गया है। उन्होंने मांग की है कि यहां स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति की जाए ताकि मरीजों को सांबा का रुख न करना पड़े। उधर सीमावर्ती तहसील राजपुरा के सनूरा में स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर का पद गत एक वर्ष से रिक्त पड़ा हुआ है। स्थानीय पूर्व सरपंच कुलभूषण सिंह, शक्ति शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि सनूरा के स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस डॉक्टर की नियुक्ति की जाए, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस बारे में स्थानीय विधायक डॉ. देवेंदर मन्याल को भी अपनी समस्या से अवगत करवाया है।