संवाद न्यूज़ एजेंसी
सांबा। बाड़ी ब्राह्मणा थाना पुलिस ने एक चालक की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में फैक्ट्री संचालक और संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राजीव नगर, नरवाल बाईपास निवासी कोमाया पत्नी स्वर्गीय बिष्णु भादियू थापा की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 289 और 106(1) में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके पति बिष्णु भादियू थापा, गिरधारी लाल शर्मा के यहां चालक के रूप में कार्यरत थे और टाटा मोबाइल गाड़ी चलाकर बाड़ी ब्राह्मणा स्थित क्वालिटी कास्टिंग फैक्टरी में स्क्रैप लोडिंग-अनलोडिंग का काम करते थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार 26 मई 2026 को फैक्टरी परिसर में लोहे का स्क्रैप उतारते समय बिष्णु भादियू थापा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 31 मई को उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी ने हादसे के लिए गिरधारी लाल शर्मा और संबंधित फैक्ट्री प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बाड़ी ब्राह्मणा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों, सुरक्षा प्रबंधों तथा जिम्मेदारी तय करने के लिए संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।