सांबा के चीची देवी मंदिर के पास बदहाल सड़कमार्ग
सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन हादसे का शिकार हो रहे वाहन चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। चीची देवी मंदिर के पास हाईवे पर टूटी सड़कें, बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों व श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद न तो हाईवे निर्माण कंपनी और न ही मंदिर प्रबंधन समिति ने गड्ढ़ों को भरने की कोई व्यवस्था की गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। यही वजह है कि फ्लाईओवर और अंडरपास के साथ बनाई गई सड़कें कुछ ही महीनों में टूटने लगी हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चीची देवी मंदिर में रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को खराब सड़क के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। श्रद्धालु दिलीप आहूजा ने कहा कि मंदिर के आसपास सड़क की हालत बेहद खराब है जिससे यात्रा असुविधाजनक हो गई है। पुष्पा साहू ने कहा कि प्रशासन और निर्माण कंपनी को जल्द सड़क की मरम्मत करवानी चाहिए।
स्थानीय निवासी राहुल ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण रात के समय हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर गिर चुके हैं। रविंदर सिंह ने कहा कि कई बार समस्या उजागर करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने और जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई करने की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की दशा नहीं सुधारी गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सड़क निर्माण कंपनी के अधिकारियों का कहना है बरसात से पहले सड़कों का निर्माण पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। काम पूरा होते ही ब्लैक टॉप कर सड़कों को ठीक कर दिया जाएगा।