सांबा। एसएसपी सांबा अनुज कुमार ने वीरवार को पुलिस स्टेशन बाड़ी ब्राह्मणा का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। एसएसपी ने संवेदनशील इलाकों में प्रभावी निगरानी, रात की गश्त तेज करने, प्रमुख चौकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और बीट बुक को व्यवस्थित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जांच अधिकारियों और अन्य पुलिस कर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम में पुलिस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान उनके साथ एडिशनल एसपी सांबा और एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
थाने के कामकाज की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने लंबित मामलों की जांच में तेजी लाने और उनका समयबद्ध निस्तारण करने पर बल दिया। उन्होंने सीसीटीएनएस पोर्टल के कामकाज को भी परखा और अधिकारियों को सभी रिकॉर्ड सटीक और अपडेट रखने के कड़े निर्देश दिए।
दौरे के दौरान एसएसपी ने क्षेत्र के चिह्नित ''''नारकोटिक्स हॉटस्पॉट्स'''', विशेषकर बालोल खड्ड और सरोर अड्डा का भी मुआयना किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नशा तस्करों और पेडलर्स के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उन्होंने तेली बस्ती, बढ़ोरी और स्मैलपुर जैसे क्षेत्रों का भी दौरा किया।
अंत में एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और उच्च मानकों के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।