सांबा। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन सांबा स्थित चीची माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा और ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ कतारबद्ध दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती भी की गई है।
मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी कपिल महाजन ने बताया कि नवरात्र के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं को सुचारु और सुरक्षित तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं तथा हर व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उधर, सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस बल की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, प्रतिदिन शाम 6 बजे से 8 बजे तक संध्या आरती का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।