सांबा। जिला सांबा में चोरी के एक मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए थाना रामगढ़ पुलिस को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश अतिरिक्त विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट सांबा की अदालत की तरफ से दायर याचिका पर सुनवाई के बाद पारित किया गया।
याचिकाकर्ता मदन लाल निवासी गांव कमोर तहसील रामगढ़ ने अदालत को बताया कि 9 दिसंबर 2025 की रात उसके घर में चोरी की वारदात हुई। आरोप है कि घर में मौजूद रिश्तेदारों ने ही साजिश के तहत 50 हजार रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी चुरा ली। शिकायतकर्ता के अनुसार घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिससे चोरी की पुष्टि होती है।
पीड़ित ने बताया कि मामले की शिकायत थाना रामगढ़ में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद मजबूर होकर उसे अदालत की शरण लेनी पड़ी।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि किसी शिकायत में संज्ञेय अपराध बनता है तो पुलिस के लिए एफआईआर दर्ज करना अनिवार्य है। अदालत ने एसएचओ रामगढ़ को निर्देश दिए कि वे तुरंत एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार जांच शुरू करें। अदालत ने आदेश की प्रति एसएसपी सांबा को भी भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।