सांबा। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (जीडीसी) सांबा में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। कार्यक्रम प्राचार्य निर्लेप कौर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष रितिका के नेतृत्व और डोगरी विभाग के प्रभारी जोगिन्दर सिंह के सहयोग से हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कई छात्रों ने बताया कि मातृभाषा उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ती है और आत्मीयता का अहसास कराती है।
रिदम और रितिका ने भाषाओं के इतिहास पर विचार रखे। सोनिया, प्रीति, प्रेरणा और लक्ष्मी ने कविताएं सुनाईं, जबकि मन्नत और मानवी के गीतों ने माहौल को मधुर बना दिया। संचालन अंकिता संब्याल और लक्ष्मी ने किया तथा धन्यवाद प्रस्ताव दिव्यांशी महाजन ने रखा।
प्राचार्य निरलेप कौर ने कहा कि भाषा कोई बाधा नहीं बल्कि दिलों, संस्कृतियों और समाज को जोड़ने वाला सेतु है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा पर गर्व करने और अन्य भाषाओं का सम्मान करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम ने भाषाई विविधता, एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का संदेश दिया।