सांबा। सांबा के नए बस स्टैंड परिसर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार हो गया है। यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बस स्टैंड के साथ ही बनाया गया है, जिसमे भूतल और प्रथम तल पर कुल 20 दुकानों का निर्माण किया गया है। शॉपिंग काम्प्लेक्स के बनने से स्थानीय लोगों को रोज़गार के अवसर प्रदान होंगे और यात्रियों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।
सांबा का नया बस स्टैंड परिसर और शॉपिंग काॅम्प्लेक्स 3 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके बनने से यात्रियों को और अधिक सुविधा होगी और क्षेत्र के व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। 20 दुकानों को स्थानीय लोगों को नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से अलॉट किया जाएगा और इसके लिए जल्द ऑनलाइन माध्यम से प्रक्रिया शुरू होगी।
सांबा के स्थानीय दुकानदार सुनील कुमार, राहुल कुमार और कपिल सिंह ने कहा कि सांबा के नए बस स्टैंड परिसर में व्यापार को बढ़ावा देने और लोगों को रोज़गार के अवसर प्रदान करने के लिए शॉपिंग काम्प्लेक्स बनाया गया है। इसमें स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम और छोटे दुकानदारों को ध्यान में रखते हुए नीलामी मूल्य कम रखा जाए ताकि वह भी अपना व्यवसाय चला सके।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी जोधराज भगत का कहना है कि बस स्टैंड और शॉपिंग काॅम्प्लेक्स लगभग एक माह तक लोगों को समर्पित होने की उम्मीद है। लोकल बॉडीज, पीडब्ल्यूडी, जिला प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों की एक प्रशासनिक टीम गठित की गई है जो बाजार मूल्य के आधार पर न्यूनतम बोली तय कर टेंडर और ऑक्शन की प्रक्रिया को पूरा करेंगे। उसके बाद नीलामी और आवंटन की प्रक्रिया होगी।