सांबा। चक मंगा वार्ड 13 के लोग बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से छुटकारा पाने की मांग को लेकर सांबा के जिला मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान लोगों ने डीडीसी सदस्य रमेश चन्दर और आज़ाद समाज पार्टी नेता सुरिंदर अत्री की अगुवाई में रोष प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि उनके क्षेत्र में पानी की निकासी को लेकर कोई इंतजाम नहीं है। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है जिससे लोग मानसिक और शारीरिक रूप से परेशानी झेलने को मजबूर हैं। लोगों ने कहा कि निकासी के लिए नाले का निर्माण कार्य शुरू हुआ था लेकिन कुछ लोगों की मनमानी के चलते नाले का निर्माण पूरा नहीं हो पाया। लोगों ने डीसी सांबा से मुलाकात कर इस मामले में उचित कार्रवाई कर लोगों को परेशानी से निजात दिलाने की मांग की है। इस दौरान, संतोष देवी, सुनीता कुमारी, पिंकी देवी, हंसराज, बलदेव राज, कुलदीप कुमार व सतपाल सहित कई लोग शामिल थे।