सांबा। जिले के जतवाल और आसपास के सीमावर्ती गांव के लोगों ने जतवाल-नारन मार्ग पर पड़ने वाली रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सीमावर्ती गांव के तरेली, सोहांदा, नारन, मुठी के दर्जनों लोगों का इस मार्ग से आना जाना लगा रहता है। ऐसे में रास्ते में पड़ने वाली रेलवे क्रासिंग का फाटक बंद होने पर कई बार लोगों को अपने गंतव्य पर समय से पहुंचने में परेशानी होती है।
स्थानीय निवासी विशाल काटल, सुरेश कुमार, बलविंदर सिंह, सूरज कुमार व अनमोल शर्मा ने कहा कि तरेली, सोहांदा, नारन व मुट्ठी से जतवाल आने-जाने का एक ही मुख्य रास्ता है। ऐसे में रेलवे गेट बंद हो जाने के बाद लोगों को घंटे वहीं खड़े रहना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों को होती है। यहां पर कई बार एंबुलेंस भी फंस चुकी है। इसी मार्ग से दर्जन शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं सहित स्कूली बसों का भी आना-जाना होता है। बीते लगभग एक दशक से लोग रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं। कई बार आउटरीच कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष भी बात रखी, लेकिन अभी तक इसको लेकर कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने मांग की है कि जतवाल-नारन मार्ग पर जल्द ओवर ब्रिज बनाया जाए। संवाद