सांबा। पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब मेरिट लिस्ट जारी की गई है। सांबा में तीन विषयों के लिए कुल 150 छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। सिविल इंजीनियरिंग विषय में 60, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में 60 और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विषय में 30 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। इन छात्रों का चयन बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन की तरफ से इंजीनियरिंग के तीन वर्षीय डिप्लोमा के लिए प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाता है। कॉलेज प्रिंसिपल विनय गुप्ता ने बताया कि आवेदन पत्र बीओपीईई की वेबसाइट www.jakbopee.org या www.jakbopee.net के माध्यम से हर साल फरवरी या मार्च के महीने में ऑनलाइन जमा करना होता है। प्रवेश परीक्षा हर साल मई के महीने में आयोजित की जाती है। चयन और प्रवेश प्रक्रिया हर साल 31 अगस्त से पहले समाप्त हो जाती है।
उन्होंने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश योग्यता विज्ञान, गणित और अंग्रेजी के साथ 10वीं पास है। इसमें ओपन कैटेगरी के छात्रों के लिए 40 प्रतिशत अंक और आरक्षित श्रेणी के छात्रों के लिए 37 प्रतिशत अंक हैं। प्रवेश के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं है।