विजयपुर। नगर पालिका अधिकारी क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य किए जाने के दावे करते नहीं थकते। तीन दिन तक हुई बरसात ने इन दावों की हवा निकाल दी। ग्रामीण विकास विभाग के मैदान में पानी निकासी न होने के कारण जगह-जगह जलभराव हो गया। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे राहगीरों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी राजकुमार, विनोद, अमित और रमन ने कहा कि विजयपुर में विकास के लिए पिछले कई वर्षों से करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जलभराव के कारण दुकानदारों और लोगों की परेशानी दूर नहीं हो पा रही। थोड़ी बरसात से ही पूरा शहर जलमग्न हो जाता है। नगर में न तो पानी निकासी की कोई व्यवस्था है और न ही नालों की सफाई सही ढंग से होती है। इस कारण हर बरसात में नगर की गंदगी सड़कों पर बहती है। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि पानी की निकासी की जाए ताकि लोगों को राहत की सांस मिल सके। नगरपालिका कमेटी विजयपुर की ईओ रंजीता शर्मा ने बताया कि जल्द ही पानी निकासी का हल कर दिया जाएगा। संवाद