विजयपुर। वैशाख दिवा एवं रात्रि पूर्णिमा व्रत 12 मई सोमवार को है। वैशाख पूर्णिमा का सनातन धर्म में अत्यंत महत्व है। इस विषय में पंडित अश्वनी ने बताया कि वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि के दिन श्रीसत्यनारायण स्वरूप की पूजा एवं कथा का श्रवण अथवा पाठ करना अत्यंत शुभ माना गया है। साथ ही भगवान श्रीगणेश, पार्वती, शिव तथा चंद्रमा की पूजा का भी विशेष महत्व है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए तामसिक वस्तुओं के सेवन से पूर्णतः बचना चाहिए। मादक पदार्थों का सेवन निषिद्ध है। इसका नकारात्मक प्रभाव शरीर ही नहीं भविष्य पर भी पड़ सकता है। सात्विक भोजन ग्रहण करना इस दिन विशेष पुण्यदायी होता है। इस दिन तीर्थ स्थलों, विशेषकर गंगा स्नान का अत्यंत महत्व है।