आरएस पुरा। भारत-पाकिस्तान में संघर्ष विराम की घोषणा के बाद उपजिला आरएस पुरा के अधिकतर ग्रामीण अभी भी शिविरों में रह रहे हैं। शिविर में मौजूद चंचला देवी ने बताया कि रविवार सुबह घर के पुरुष घरों को लौट गए हैं। उन्होंने कहा, पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता। शनिवार शाम को दोनों देशों के मध्य हुई बातचीत के बाद संघर्ष विराम लागू किए जाने के बाद भी शनिवार रात 11 बजे तक पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी करने के साथ ड्रोन छोड़े जा रहे थे। सीमांत गांव के शाम लाल ने बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। इसके बावजूद पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी क्षेत्र को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि अब तक देश के भीतर से ही गोलाबारी चल रही थी। अगर पाकिस्तान का यही रवैया रहा तो सरकार को चाहिए कि वह पाकिस्तान में घुसकर हमला करे।