बिश्नाह। पुलिस ने नशा रैकेट का एक बड़ा मॉड्यूल ध्वस्त किया है। इसमें ससुर और दामाद को गिरफ्तार किया है। कार सवार आरोपियों के पास से 283 ग्राम हेरोइन और 20 लाख नकद बरामद किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिश्नाह पुलिस को क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर कोठे में नशे के मॉड्यूल के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने टीम का गठन किया। इसमें एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह, थाना प्रभारी बिश्नाह सुशील चौधरी और तहसीलदार बिश्नाह अंकुश त्रिपाठी को शामिल किया। पुलिस ने क्षेत्र में गुप्त नाका लगाया। नाके के दौरान पुलिस ने स्विफ्ट गाड़ी को रुकने का इशारा किया। चालक ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समय रहते गाड़ी समेत नशा तस्करों को दबोच लिया। इसमें पुलिस ने सादिक अली उर्फ जटू निवासी कठुआ और सैफ अली उर्फ सैफू निवासी सिकंदरपुर कोठे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मौके पर गाड़ी से 20 लाख 2 हजार कैश और 283 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि कठुआ से हेरोइन लाकर सिकंदरपुर कोठे में बेची जाती है। ससुर और दामाद दोनों मिलकर क्षेत्र में नशे का बड़ा रैकेट चला रहे थे।
एसपी इरशाद राथर ने बताया कि गाड़ी से बरामद पैसा नशे को बेचकर इकट्ठा किया गया है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि सिकंदरपुर कोठे गांव नशे का हॉट स्पॉट बन चुका है। इस पर पुलिस बखूबी काम कर रही है।जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। पुलिस की कड़ी निगरानी क्षेत्र पर है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई और खुलासे होना बाकी है।