बिश्नाह। क्षेत्र के गांव बुलंदे कोठे में पिछले एक साल से टूटी पुलिया को नहीं सुधारा जा सका है। इससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को टूटी पुलिया की समस्या बताई गई है, लेकिन पुलिया की मरम्मत के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि इस पुलिया के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। स्कूल के वाहन और अन्य यात्री वाहन इस पुलिया से होकर गुजरते हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इस समय नहर में पानी भी बड़ी मात्रा में छोड़ा जा रहा है। नहर के ऊपर बनी पुलिया बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि लोगों ने क्षेत्र के विधायक डॉ. राजीव भगत समेत लोनिवि के अभियंताओं को भी समस्या बताई। इसके बावजूद टूटी पुलिया को नहीं सुधारा जा सका है। इससे लोगों में गुस्सा है। पुलिया न सुधारने पर उन्होंने आंदोलन की भी चेतावनी दी है। इस मौके पर कांग्रेस के नेता भारत भूषण कुंडल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद