अखनूर। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत शुक्रवार को मैरा मांदरेया तहसील में गौ रक्षक कार्यकर्ताओं एवं जय मां सुरभि गौशाला अखनूर की कोर कमेटी की ओर से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने गौ माता की रक्षा, सेवा और सम्मान के लिए सामूहिक शपथ ली। इस दौरान वक्ताओं ने ग्रामीणों को गौ माता के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गौ माता सनातन संस्कृति, आस्था और परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं, इसलिए समाज में उनके संरक्षण और सम्मान को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
अभियान के तहत केंद्र व राज्य सरकारों से संविधान के दायरे में रहते हुए शांतिपूर्ण और अहिंसात्मक तरीके से गौ सेवा और संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील की गई। साथ ही गौ रक्षा के लिए सशक्त केंद्रीय कानून बनाने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भी रखी गई, जिसका उपस्थित ग्रामीणों ने समर्थन किया।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि अभियान किसी राजनीतिक दल या सरकार के विरोध में नहीं है, बल्कि गौ सेवा, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत किसी प्रकार का दान या चंदा नहीं लिया जा रहा है। यह जनजागरूकता अभियान 27 अप्रैल तक लगातार चलाया जाएगा, जिसमें लोगों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया है।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संयोजक (कल्कि मूवमेंट) रोहित शर्मा, डॉ. सोनिया वर्मा, अखनूर संयोजक राहुल इंदर लंगर तथा जय मां सुरभि गौशाला अखनूर की कोर कमेटी सदस्य राबिया खजूरिया, मोनू पराशर और विक्रांत बराल ने किया।