अखनूर। अखनूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहन लाल भगत ने नगर पालिका अखनूर के कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद याकूब के साथ बैठक की। बैठक में कस्बे की सफाई व्यवस्था, नालों की नियमित सफाई, मच्छरों की रोकथाम के लिए फागिंग और कस्बे में खराब स्ट्रीट लाइट्स को बदलने जैसी नागरिक समस्याओं पर चर्चा की गई।
विधायक भगत ने कार्यकारी अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर इन सभी मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए ताकि आम जनता को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई व्यवस्था को नियमित और स्थायी रूप से बनाए रखने के लिए नगर पालिका एक स्पष्ट कार्य योजना तैयार करे।
इसके साथ ही विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अखनूर कस्बे के लिए एक विशेष विकास प्रोजेक्ट तैयार किया जाए, जिसमें बुनियादी ढांचे के सुधार के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि कस्बे की बदलती आवश्यकताओं को देखते हुए दीर्घकालिक योजना बनाना आवश्यक है।
इस मौके पर कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद याकूब ने आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक कार्रवाई शीघ्र आरंभ की जाएगी और लोगों को जल्द सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। बैठक में एसओ बनवारी लाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीपेश सिंह, पूर्व पार्षद राकेश मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।