अखनूर। चौकी चौरा के कनहेड़ी स्थित योगा सेंटर में सोमवार को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में स्वामी विद्वानंद सरस्वती महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुआ, जिसमें स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और अधिकारियों समेत सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। योग गुरु पं. यशपाल आचार्य द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास करवाया गया। स्वामी विद्वानंद सरस्वती जी ने कहा कि “योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक और आत्मिक उन्नति का भी माध्यम है। आज के युग में योग ही सच्ची शांति और संतुलन का मार्ग है।
पं. यशपाल आचार्य ने कहा, योग मात्र व्यायाम नहीं, बल्कि यह जीवन को समग्र रूप से संतुलित करने की विद्या है। यह तन, मन और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है। नियमित योग करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि चिंता, तनाव और मानसिक अस्थिरता भी दूर होती है। कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन भी किया गया। इसमें सभी प्रतिभागियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर जगदीश राज, मोहन लाल, सुनील कुमार आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।