अखनूर। जिला विकास परिषद सदस्य एवं भाजपा नेता पंडित सुरेश शर्मा ने कबीर दास सभा मैरा मांदरेया में 3 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में सभा भवन में टाइल बिछाने और संरचनात्मक संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सुरेश शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित कार्यक्रम में आपने जो मांग रखी थी, उसे प्राथमिकता देते हुए आज उसका कार्य पूर्ण कर लोकार्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनकल्याण के लिए लगातार योजनाएं ला रही है, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
627वें कबीर प्रकाश उत्सव के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सुरेश शर्मा ने संत कबीर दास जी के जीवन और उनके उपदेशों को याद करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग आज भी समाज को दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत कबीर के विचार आज के युग में भी सार्थक हैं और यदि हम उनके सिद्धांतों पर चलें, तो जीवन को सफल बनाया जा सकता है।
सभा के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने सुरेश शर्मा का आभार जताते हुए अपेक्षा की कि भविष्य में भी इसी तरह जनभावनाओं को महत्व देकर विकास कार्य होते रहेंगे। कार्यक्रम में डॉ. केसी भगत, रामलाल शर्मा, मास्टर चंचल सिंह, अक्षय मगोत्रा, तरसेम लाल, सभा प्रधान थोड़ू राम, रवि कुमार, प्रीतम लाल, सेवा राम, अशोक कुमार, सुदेश कुमार, शक्ति कुमार, विजय कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।