पुंछ। पीडीपी के ब्लाॅक प्रधान कमलजीत सिंह ने जिला प्रशासन से उनकी समस्याओं को हल करने की मांग की है।
कमलजीत सिंह ने कहा कि पुंछ नगर में करोड़ों रुपये की लागत से मिनी सचिवालय का निर्माण करवाया गया था जो आज तक पूरा नहीं हो पाया है। इसके कारण विभिन्न सरकारी कार्यालय नगर में यहां वहां किराए की इमारतों में चल रहे हैं जिसके कारण आम लोगों को कार्यालय को ढूंढने में मुश्किल पेश आ रही है। हमारी मांग है कि मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य पूरा कर सभी सरकारी कार्यालय उसमें स्थानांतरित किए जाएं ताकि लोगों को यहां वहां भटकने के बजाए एक ही छत के नीचे सभी कार्यालय मिल जाएं। नगर में सरकारी पार्किंग की व्यवस्था की जाए ताकि जगह-जगह सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से लगने वाले जाम से निजात मिले। इसके साथ ही पुंछ का बस अड्डा काफी छोटा है। नगर में बडे़ बस अड्डे का निमार्ण करवाया जाए।