पुंछ। डीसी पुंछ विकास कुंडल ने नियंत्रण रेखा पर स्थित अंतिम गुरुद्वारा देहरी साहब खड़ी धर्मसाल में 6 जुलाई को होने वाले महान गुरमत समागम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में एडीसी, एसीआर, सीएमओ, कार्यकारी अभियंता, तहसीलदार हवेली, एआरटीओ, एडी फूड, जीआरईएफ, नगर पालिका के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों के अलावा गुरुद्वारा समिति सदस्यों ने भाग लिया। समिति के सदस्यों ने समागम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कई प्रमुख मुद्दे उठाए। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब और उसके आसपास पानी और बिजली की निर्बाध आपूर्ति, उचित सफाई, पहुंच मार्गों के रखरखाव, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य रसद और नागरिक सुविधाओं की मांग की। डीसी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को समागम के दौरान एम्बुलेंस सेवाओं और पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे सभी समस्याओं का समाधान जल्द करें।