पुंछ। जिले के सुरनकोट कस्बे में शुक्रवार दोपहर को बस स्टैंड के पास स्थित बाजार में आग लगने से दो दुकानें जल गईं। एक मकान को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। घटना में मारूफ हुसैन रेडीमेड कपड़ों की दुकान और रितु शर्मा की दर्जी की दुकान जल गईं। वरिंदर कपूर के घर के दो कमरों के दरवाजे और खिड़कियां भी जल गईं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर को करीब एक बजे सुरनकोट बस अड्डे के निकट स्थित बाजार स्थित मारूफ हुसैन की रेडिमेड कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गई। आग ने साथ सटी दर्जी की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक दोनों दुकानें जल गई थीं। पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।