सांबा। बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र के दो कुख्यात नशा तस्करों की संपत्ति बुधवार को पुलिस ने कुर्क कर ली। ये दोनों नशा तस्करी के कई मामलों में शामिल हैं और बलोल खड्ड क्षेत्र में नशे के हॉटस्पॉट पर अस्थायी ढांचे बनाकर अवैध कारोबार चला रहे थे।
पुलिस ने बिश्नाह के गांव लसवाड़ा के निवासी करेल मन्हासा बिश्नाह और फरमान दीन उर्फ फामा (निवासी लसवाड़ा, बिश्नाह) के मकान तथा एक कार (नंबर: जेके21बी 3622) को कुर्क कर लिया। इन संपत्तियों की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
बाड़ी ब्राह्मणा के एसडीपीओ प्रदीप सेन ने बताया कि ये दोनों वांशिक (पेशेवर) अपराधी हैं। उन्होंने कहा, बाड़ी ब्राह्मणा के चिट्टा हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। विशेष जांच में पाया गया कि यह संपत्ति नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित की गई थी, इसलिए इसे कुर्क किया गया है।
एसडीपीओ ने आगे कहा कि इस तरह की कार्रवाई नए कानूनों के तहत जारी रहेगी और अवैध तरीके से अर्जित की गई किसी भी संपत्ति को जब्त कर नष्ट कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में नशा तस्करी बड़े पैमाने पर फैली हुई है, जहां तस्करों ने अतीत में पुलिस पर हमले भी किए हैं। इसके मद्देनजर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू की है।