bsf detects a tunnel along International Border in Hiranagar sector of Kathua jammu kashmir few days ago
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर हीरानगर सेक्टर के बोबिया में 13 जनवरी को पाकिस्तान की ओर से खोदी गई सुरंग का पर्दाफाश हुआ था। उसके बाद से सुरंगों को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। 13 जनवरी को एक और सुरंग मिलने की अफवाह सामने आई थी तो वहीं रविवार सुबह सीमावर्ती गांव पानसर के नजदीक तारबंदी के पास सुरंग मिलने की अपुष्ट जानकारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
पिछले साल 20 जून को इसी इलाके में बीएसएफ के सतर्क जवानों ने पाकिस्तान की ओर से हथियारों के साथ भेजे गए एक ड्रोन को मार गिराया था। किसी भी सुरक्षा अधिकारी ने सीमा पर एक ओर सुरंग मिलने की पुष्टि नहीं की है। अज्ञात सुरंग मिलने कह जगह पर बीएसएफ ने किसी भी एजेंसी के लोगों को नहीं जाने दिया । यहां तक कि पुलिस अधिकारियों को भी रोक दिया गया। जो लोग इस इलाके में रोजाना अपने खेतों में जाते हैं उन्हें भी अनुमति नहीं दी गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजबाग थाना के एसएचओ भूपेंद्र सिंह ने बीएसएफ के अधिकारियों से बात कर उस जगह का जायजा लेने की अनुमति मांगी जहां सुरंग की जानकारी थी, लेकिन बीएसएफ अधिकारियों ने सुरक्षा का हवाला देकर नहीं जाने दिया। बख्तरबंद गाड़ी उपलब्ध कराने को भी मना कर दिया।
सूत्रों की माने तो जिस वक्त सुरक्षा एजेंसियां इस इलाके में माथापच्ची कर रही थीं उस वक्त डीजी बीएसएफ पानसर पोस्ट पर मौजूद रहे। ज्ञात रहे कि बोबिया इलाके में सुरंग मिलने से पहले इलाके में कोई सुरंग होने के इनपुट्स लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों को लगातार मिल रहे थे। जिसे आखिरकार बीएसएफ के सतर्क जवानों ने खोज ही लिया।