आरएस पुरा। कस्बे के वार्ड सात में विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शव फंदे से लटका मिला। मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। कहा, दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने महिला के भाई के बयान पर पति और जेठ को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल लाया गया। वीरवार को पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल में भारी हंगामा हुआ। इस दौरान प्रदर्शन भी किया गया।
जानकारी अनुसार वार्ड सात निवासी रेनू कुमारी पत्नी यशपाल का शव बुधवार देर शाम फंदे से लटका मिला। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। उधर मृतक के भाई अश्वनी कुमार ने पुलिस को बताया कि ससुराल पक्ष लगातार उसकी बहन को प्रताड़ित करता था। बुधवार सुबह भी उसकी बहन ने फोन कर बताया था कि उसको उसके पति व जेठ ने पीटा है। उसको लगातार दहेज के लिए तंग किया जाता था। उन्होंने पुलिस को बताया कि उसकी बहन ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या कर उसे फंदे से लटकाया गया है। भाई अश्वनी कुमार ने बताया कि करीब दस वर्र्ष पहले उसकी बहन की शादी हुई थी और अब उसके तीन बच्चे हैं लेकिन पति व ससुराल पक्ष लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा था।
वीरवार को उपजिला अस्पताल में मृतक के परिजनों व गांव वासियों ने प्रदर्शन किया। पति व जेठ की गिरफ्तारी की मांग की। मायका पक्ष ने चेतावनी दी कि जब तक पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करेेंगे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के भाई के बयान पर मृतका के पति यशपाल व उसके जेठ को हिरासत में ले लिया। गांव के सरपंच ओमकार सिंह का कहना है कि लगातार रेनू को तंग किया जा रहा था। उन्होंने गांव की पंचायत की ओर से कई बार ससुराल पक्ष से बात कर समझाया भी था। थाना प्रभारी जयपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई के ब्यान पर मृतक महिला के पति व जेठ को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।