आरएस पुरा। राजकोष विभाग में पेंशनरों को दस्तावेजों के सत्यापन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेवानिवृत्त कर्मी ओम प्रकाश का कहना है कि राजकोष विभाग में सत्यापन के लिए पहुंच रहे लोगों की काफी भीड़ है। बिजली कटौती के चलते कार्य प्रभावित हो रहा है। कार्यालय में इनवर्टर की सुविधा न होने से सत्यापन में काफी समय लग रहा है। कार्यालय पहुंचे सुभाष शर्मा का कहना है कि विभागीय अधिकारी कार्य तो कर रहे हैं लेकिन बिजली कटौती से पैदा हो रही दिक्कत का जिम्मेवार कौन है। इससे दस्तावेज जमा करवाने में काफी परेशानी हो रही है। समय काफी लग रहा है। चंद्रभूषण का कहना है कि उमस भरी गर्मी में यहां ज्यादा देर तक बैठ पाना भी मुश्किल है। कई बुजुर्ग लोग अपने घरों से पंखी लेकर पहुंचे हैं।
वहीं, राजकोष में नियुक्त अधिकारी ओपी थापा का कहना है कि 3245 में से 765 लोगों ने वेरिफिकेशन के लिए दस्तावेज जमा करवाए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार बिजली बंद होने पर दिक्कत आ रही है। रेवेन्यू परिसर में बिजली की आपूर्ति के लिए लगे ट्रांसफार्मर की लाइन अलग होनी चाहिए पर ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में सुचारू रूप से बिजली की आपूर्ति की व्यवस्था किए जाने के लिए उच्च अधिकारियों को लिखित में भेजा जाएगा।