आरएस पुरा। गांव लंगड़ेयाली में खेली जा रही द्वारकानाथ शास्त्री जी महाराज क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को फाइनल मुकाबला हुआ। मैच आरएस पुरा क्रिकेट क्लब एवं पूरो भाना क्रिकेट क्लब के मध्य खेला गया। इसमें आरएस पुरा क्रिकेट क्लब की टीम विजेता रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरएस पुरा क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 119 रन बनाए और विपक्षी टीम के समक्ष 120 रन का लक्ष्य रखा। पूरोभाना क्रिकेट क्लब की शुरुआत बेहतर नहीं रही और टीम के बल्लेबाज 9वें ओवर में मात्र 77 रन पर ऑल आउट हो गए। इस मौके पर जिला विकास परिषद सदस्य आरएस पुरा प्रो. गारू राम भगत, एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना व थाना प्रभारी नवीन अंगराल मुख्य तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्राफी एवं नगद राशि भेंट की। पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राजेश खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें शामिल हुईं। एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना ने कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस की तरफ से भी लगातार इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इससे युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। पंचायत के अध्यक्ष राजेश खन्ना ने कहा कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में क्षेत्र के नौजवानों ने अपना भरपूर सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि पंचायत के पास 32 कनाल भूमि पड़ी है। उनका प्रयास है कि वहां पर एक खेल मैदान बनाया जाए।