फाइनल मैच जीतने वाली मलिक क्लब के सदस्य जीत की खुशी मनाते हुए।
- फोटो : REASI
रियासी। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले कई दिनों से जारी रियासी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में मंगलवार को मलिक क्लब ने प्रेजीडेंट इलेवन सुंदरबनी को हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को पचास हजार रुपए व ट्रॉफी दी गई। मलिक क्लब ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी की। पचास रनों पर पांच विकेट गिर जाने के बाद मलिक क्लब संकट में आ गया था। इसके बाद कप्तान अक्षय सैनी के नाबाद 70 तथा प्रतीक के नाबाद 41 रनों की पारी से स्कोर बीस ओवरो में सात विकेट पर 151 पहुंच गया। सुंदरबनी के गेंदबाज हरत्य ने दो, अभिषेक ने तीन तथा नूर ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सुंदरबनी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और पहली ही गेंद पर बल्लेबाज शुभम आउट हो गए। इसके बाद कोई भी बल्लेबाज जम कर खेल नहीं पाया तथा पूरी टीम अठारह ओवरों में सिर्फ 94 रन ही बना सकी। मलिक क्लब के गेंदबाज दीपक ने तीन, दिपिन ने दो, सोहेल खान ने दो विकेट लिए, एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।
फाइनल मैच के मौके पर जिला लीगल सर्विसेज अथारिटी के चेयरमैन तथा जिला व सेशन जज कमलेश पंडिता मुख्य अतिथि थे। डीडीसी जिला चेयरपर्सन सर्राफ सिंह, एएसपी सुरजीत कुमार भगत, बार एसोसिएशन के प्रधान विजय कुमार शर्मा, स्पोर्ट्स क्लब के चेयरमैन एडवोकेट मोहम्मद सरवर मीर व अन्य सदस्यों ने विजेता टीम को ट्राफी व नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
बेहतर प्रदर्शन के लिए इनामों की बौछार
प्रेजीडेंट इलेवन सुंदरबनी के अरविंद को ऑलराउंड खेल के लिए मैन आफ द सीरीज से सम्मानित किया गया। उन्हें 11 हजार रुपए नकद व ट्रॉफी दी गई। वहीं शानदार पारी खेलने वाले अक्षय सैनी को मैन आफ द मैच चुना गया। उन्हें पांच हजार रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं बेहतरीन क्षेत्ररक्षण करने वाले मलिक क्लब के दिपिन को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए दो हजार रुपये का इनाम मिला। इसके अलावा प्रतियोगिता में सहयोग करने वालों को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। संवाद