13 तेंदुओं की खालें, 38 भालुओं के पित्त और चार कस्तूरीमृग ग्रंथियों सहित दर्जनों वन्य जीवों के नाखून व हड्डियां आदि अवशेष जम्मू और अनंतनाग में दो वन्यजीव तस्करों से बरामद किये गए हैं। अपराध नियंत्रण ब्यूरो कश्मीर के मुख्य वन्य जीव वार्डन और जम्मू कश्मीर पुलिस विभाग ने साझा कार्रवाई करते हुए छापे मारे जिनमें यह बरामदगी हुई। पकड़े गए तस्करों में शेरपुर का गुल मोहम्मद गनी और किग्रिवाल का कुशल हुसैन शामिल है।
सबसे बड़ी बरामदगी
अनंतनाग के शिरपोरा इलाके में एक घर से तेंदुआ, कस्तूरी हिरण सहित कई जानवरों की खालें बरामद की गई हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। उसके पास से भालुओं के 38 पित्ताशय भी मिले हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि शिरपोरा अनंतनाग में एक घर पर छापे के दौरान शेर, तेंदुआ और भालू सहित कई जानवरों की खाल बरामद की गई है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान अनंतनाग के अब्दुल रहमान गनी के बेटे गुल मोहम्मद गनी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अनंतनाग वाइल्ड लाइफ के वार्डन रूफ जरगर ने बताया कि तेंदुए की 8, कस्तूरी हिरण की 4 खालें और भालुओं के 38 पित्ताशय बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति ने स्वीकार किया है कि उसे किश्तवाड़ से ये खालें मिली हैं।
पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इस कार्रवाई को वन्य जीवों से हो रहे अपराध खत्म करने की दिशा में मिली सफलता बताया है।