जम्मू। जिले में ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनाने के लिए ट्रायल अब ऑटोमेटिक ट्रैक पर होंगे।
कोट भलवाल में बन रहे ड्राइविंग, प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान (आईडीटीआर) में बने ट्रैक पर 14 जनवरी से सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, वीरवार और शनिवार को सुबह दस से शाम तीन बजे तक ट्रायल होंगे। पहले ट्रायल खानपुर नगरोटा में होते थे।
कोट भलवाल में ड्राइविंग, प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान (आईडीटीआर) बन रहा है। परिवहन विभाग ने फरवरी अंत तक आईडीटीआर का निर्माण पूरा करने का दावा किया है। इसमें छह ट्रैक बनाए जाने हैं जिनमें से चार बन चुके हैं। आरटीओ जम्मू पंकज भगोत्रा ने कहा कि हमने ड्राइविंग लाइसेंस ट्रायल के स्थान में बदलाव किया है। 14 जनवरी से ट्रायल आईडीटीआर कोट भलवाल में होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लाइसेंस ट्रायल के लिए जो भी स्लॉट बुक हो रहे हैं उसमें ट्रायल स्थल आईडीटीआर कोट भलवाल दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आईडीटीआर में आवेदक ट्रैक पर ट्रायल देंगे। इसमें तकनीक का उपयोग किया गया है जहां आवेदक के साथ विभाग के कर्मचारियों को भी सुविधा होगी। विभाग ने ट्रायल स्थल का गुगल मैप भी जारी किया ताकि आवेदक को उक्त स्थान तक पहुंचने में ज्यादा परेशानी न हो।
ट्रायल पहले की तरह तीन दिन ही होंगे और समय सुबह दस से शाम तीन बजे तक होगा। स्लाट बुकिंग की संख्या भी बढ़ाई जा रही है ताकि आवेदकों को ज्यादा समय तक इंतजार नहीं करना पड़े। ट्रायल देने वाले आवेदक को टोकन दिया जाएगा, जिसके आधार पर ही आवेदक को आईडीटीआर में प्रवेश मिलेगा।