कांग्रेस के पूर्व पार्षदों के साथ बैठक करते पार्टी अध्यक्ष हामिद कर्रा: स्रोत कांगेस
जम्मू। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व पार्षद एवं आगामी निकाय चुनाव के संभावित उम्मीदवार अकेले चुनाव लड़ना चाहते हैं। क्योंकि पूर्व में हुए विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में पार्टी को नेकां के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का नुकसान हुआ है। पूर्व पार्षदों ने ये भी आरोप लगाए कि उन्हें पार्टी में इज्जत सम्मान नहीं मिल रहा। लिहाजा निकाय चुनाव में कोई सिफारिश न चले। जो जमीन से जुड़े लोग हैं उन्हीं को टिकट देकर मैदान में उतारा जाए।
शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हामिद कर्रा ने जम्मू नगर निगम के पूर्व पार्षदों और पार्टी के पिछले चुनाव लड़े उम्मीदवारों से बैठक कर उनकी नब्ज टटोली। सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक चार घंटे चली मैराथन बैठक में पूर्व पार्षदों ने उक्त मुद्दे उठाए। पार्षदों ने ये भी कहा कि जब विधानसभा चुनाव हों तो कुछ पार्षदों को भी टिकट दिया जाए, न कि उन लोगों को जो बार-बार चुनाव लड़ते हैं। हालांकि कर्रा ने इन लोगों से कहा कि वे लोग भारत के मूल विचारों की रक्षा करें। क्योंकि वर्तमान समय में भाजपा-आरएसएस गठबंधन पहले से कहीं अधिक पार्टी पर हमला कर रहा है। लिहाजा चुनाव की जोरदार तरीके से तैयारी करें। ये भी कहा कि चुनाव में पूरी ईमानदारी और निष्पक्ष तरीके से उम्मीदवारों का चयन होगा।
वार्डों में खुद को मजबूत करें
कांग्रेस प्रमुख ने इन लोगों से जमीनी स्तर पर संगठनात्मक मामलों और पार्टी संरचना के बारे में फीडबैक लिया। अपने-अपने वार्डों में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए कहा। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुनने तथा इन समस्याओं को पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व और प्रशासन के ध्यान में लाने की सलाह दी। कहा कि कांग्रेस पार्टी और देश के कोने-कोने में इसके कार्यकर्ताओं का यह मुख्य कर्त्तव्य है कि वे भाजपा-आरएसएस के भारत के मूल विचार और हमारे नेतृत्व द्वारा हमेशा प्रचारित धर्मनिरपेक्ष विचारधारा के विरुद्ध झूठे प्रचार का मुकाबला करें। कांग्रेस का दर्शन भारत के मूल विचार पर आधारित है जो विविधता में एकता में विश्वास करता है।