फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: ई-रिक्शा चालकों की मनमानी जारी, प्रति किमी 10 रुपये तय, वसूले जा रहे 50

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। शहर में ई-रिक्शा चालक किराये को लेकर सरकारी आदेश का पालन नहीं कर रहे। हालांकि मोटर व्हीकल विभाग की टीमें इसे लेकर लगातार ई-रिक्शा के चालान काट रही है, इसके बावजूद यात्रियों से प्रति किलोमीटर तय 10 रुपये किराये से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं। एक किलोमीटर का 10 के बजाय औसतन 50 रुपये किराया लिया जा रहा है। बता दें कि परिवहन विभाग ने एक सप्ताह पहले अमरनाथ यात्रा जारी रहने तक ई-रिक्शा का किराया निर्धारित किया था। अमर उजाला की टीम ने शुक्रवार को अलग-अलग ई-रिक्शा स्टैंड पर जाकर किराये की पड़ताल की। बावे वाली माता मंदिर से बिक्रम चौक महज तीन किलोमीटर दूरी पर है। प्रति किमी तय 10 किराये के हिसाब से इस रूट का तीस रुपये किराया बनता है मगर ई-रिक्शा चालक ने 200 रुपये मांगे। इसके बाद वह 150 रुपये में चलने को राजी हो गया। इसी तरह वेयरहाउस से भगवती नगर महज ढाई किलोमीटर दूर है। इसका तय किराया 25 रुपये बनता है मगर 150 अदा करने के लिए कहा गया। ज्यूल चौक से राजपुरा चुंगी 3.5 किलोमीटर दूर है। इसका तय किराया 35 रुपये बनता है मगर 150 रुपये मांगे गए। इसी तरह बख्शी नगर से बख्शी नगर मोड़ एक किलोमीटर दूरी पर है। इसका किराया 10 रुपये बनता है मगर 50 रुपये मांगे गए। ई-रिक्शा चालकों ने यह तर्क भी दिया कि चढ़ाई वाली जगह यानी बिक्रम चौक से लेकर बाहु किले तक किराया ज्यादा लगेगा क्योंकि बैटरी की खपत ज्यादा होती है। एक ई-रिक्शा चालक ने यहां तक कह दिया, 10 रुपये प्रति किलोमीटर के देने हैं तो मेटाडोर में चले जाओ।
विज्ञापन



अमरनाथ यात्रियों व पर्यटकों को लग रहा चूना
अमरनाथ यात्रा, वैष्णो देवी धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से ई-रिक्शा चालक तय किराये से अधिक पैसे लेकर चूना लगा रहे हैं। इस संबंध में शिकायतें आरटीओ कार्यालय में भी आ रही हैं। प्रदेश से बाहर के लोगों को इलाकों की जानकारी और दूरी का पता न होने पर वे ई-रिक्शा चालक की बात मानकर उसमें बैठ जाते हैं। गंतव्य पर पहुंचने के बाद वे दूरी के हिसाब से ज्यादा किराया देते हुए खुद को ठगा महसूस करते हैं।
2021 में शुरू हुई थी ई-रिक्शा सेवा
शहर में 2021 में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत ई-रिक्शा सेवा शुरू की गई थी। इसका मकसद यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह तक कम किराये में आरामदायक सफर प्रदान करना था। मगर शुरुआत में ई-रिक्शा चालकों ने अन्य ऑटो की तर्ज पर किराया वसूलना शुरू किया, जो अभी तक जारी है।
विज्ञापन

-

कोट
ई-रिक्शा चालकों को आदेश जारी कर स्पष्ट कर दिया गया है। एक किलोमीटर का 10 रुपये प्रति यात्री किराया तय किया गया है। ज्यादा वसूली पर जुर्माना किया जा रहा है। आदेश को सख्ती से लागू करवाया जा रहा है। यात्रियों को भी चाहिए कि किलोमीटर के हिसाब से किराया अदा करें। अगर चालक ज्यादा पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत करें।
- पंकज भगोत्रा, आरटीओ, जम्मू

अमरनाथ यात्रा तक किराया 10 रुपये तय किया गया है। किराया बढ़ाने को लेकर इस संबंध में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक होनी है। इसमें अगला फैसला लिया जाना है, जो भी निर्णय होगा वो मान्य होगा।
विज्ञापन

- तजिंद्र पाल सिंह, चेयरमैन, आल जेएंडके ई-रिक्शा यूनियन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें