जम्मू। भारतीय योग संस्थान ने 58वां योग दिवस मनाया। गोल गुजराल स्थित योग आश्रम में अमर उजाला के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 300 के करीब महिलाओं और पुरुषों ने सामूहिक योग कर निरोग रहने का संकल्प लिया। योग आश्रम में सुबह साढ़े छह बजे योग अभ्यास शुरू हुआ जो आठ बजे तक चला।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही हुई। चंद्रभागा जिले की साधिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके बाद आसनों का अभ्यास सभी जिला प्रधानों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आरएसएस जम्मू कश्मीर प्रांत के मुख्य प्रचारक रूपेश मुख्य अतिथि थे। भारतीय योग संस्थान जम्मू-कश्मीर के प्रांतीय अध्यक्ष सत्यपाल ने संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों से मुख्य अतिथि व लोगों को अवगत करवाया। मुख्य अतिथि ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनने के लिए अपनी संस्कृति का संरक्षण करना होगा। भारतीय संस्कृति हमें जीवन जीने का तरीका सिखाती है। परिवार ही हमारी ताकत है। शांति के लिए पूरा विश्व भारत की तरफ देख रहा है क्योंकि भारत ही प्रेम, सुख और शांति का जनक है। विभिन्न आसानों के अभ्यास के साथ-साथ लोगों को उनके स्वास्थ्य लाभ से भी अवगत करवाया गया। संस्थान के सदस्यों ने लोगों से नियमित योग अभ्यास करने को कहा।