जम्मू। नवरात्र को लेकर शहर के मंदिर रंग बिरंगे फूलों और लाइटों से सज गए हैं। बावे वाली माता मंदिर में सुबह चार बजे आरती के बाद भक्त दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा महामाया मंदिर, कौल कंडोली मंदिर, चिंतपूर्णी मंदिर पंजतीर्थी, लक्ष्मी मंदिर पक्का डंगा, बग्लामुखी मंदिर पलौड़ा में फूलों से सजावट और लाइटें लगाने का काम बुधवार को पूर्ण कर लिया गया।
नवरात्र की पूर्व संध्या पर बुधवार को बाजारों में खूब भीड़ रही। बाजारों में पूजा सामग्री, माता की मूर्तियां, कलश, चुनरी की ज्यादा खरीदारी हुई। बावे वाली माता मंदिर में विशेष तौर पर सजावट के लिए कोलकाता से फूल मंगवाए गए हैं। लोगों ने अपने घरों में भी साफ सफाई की।
बावे वाली माता मंदिर के महंत बिट्टा ने कहा कि तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। फूलों से मंदिर को सजा दिया है। पहले नवरात्र को सुबह 4 बजे आरती के बाद दर्शन करने का क्रम शुरू होगा, जो देर रात तक जारी रहेगा।
आज इस भाव में मिलेंगे फूल
नवरात्र में पूजा के लिए बाजारों में ताजा फूल पहुंच गए हैं। पीले गेंदे का फूल 150 रुपये, संतरी गेंदे का फूल 200 रुपये, गुलाब 20 रुपये, सफेद गुलदाबरी 600 रुपये, बटन गुलाब 800, कटिंग गुलाब 700 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बाजार में उपलब्ध हैं। शहर में शिव मंदिर तवी पुल, रणबीरेश्वर मंदिर के बाहर सहित अन्य जगहों पर इनकी खरीदारी की जा सकेगी।