जम्मू। चुनाव प्रचार और उससे जुड़ी राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी पर संज्ञान लेते हुए 23 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही छह कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया है। इसके अलावा 20 कर्मचारियों को उनके वर्तमान कार्यालयों से दूसरे तहसीलों जिलों के कार्यालयों में स्थानांतरित कर दिया गया है। इनके खिलाफ पक्षपातपूर्ण तरीके से काम करने की शिकायतें थीं। विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा कुल 130 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं।
पुलिस विभाग ने सबसे अधिक 107.50 करोड़ रुपये जब्त किए हैं। इसके बाद सीजीएसटी ने 9.88 करोड़ रुपये, एसजीएसटी व सीटी ने 8.03 करोड़ रुपये, एनसीबी ने 2.06 करोड़ रुपये, आयकर विभाग ने 87 लाख रुपये और राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने 50 लाख रुपये जब्त किए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके पोले ने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को लगभग 7088 अनुमतियां दी गई हैं। इनमें रैलियां, जुलूस, पार्टी कार्यालयों के उद्घाटन, हेलीकॉप्टर और हेलीपैड, वीडियो वैन, स्टार प्रचारकों, पार्टी पदाधिकारियों के लिए वाहन और अन्य अनुमतियां शामिल हैं। आज तक कुल 1263 आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के उल्लंघनों की सूचना दी गई। इनमें से 600 को जांच और उचित कार्रवाई के बाद बंद कर दिया गया, जबकि 364 की जांच चल रही है, जिन्हें भी जल्द ही निपटाया जाएगा।
इसके अलावा 115 उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों, मीडिया हाउसों और अन्य को एमसीसी उल्लंघन के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। सीईओ ने बताया कि अवैध रूप से ड्रग्स, नकदी और शराब ले जाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों ने 32 एफआईआर दर्ज की हैं।