जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के पास शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार मेटाडोर की टक्कर से कार पलट गई। इसमें कार चालक बाल-बाल बचा। उसे मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार जम्मू विश्वविद्यालय में जेएंडके बैंक के ठीक सामने एक मेटाडोर ने कार को टक्कर मारी दी। इससे चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे पलट गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को उपचार के लिए जीएमसी पहुंचाया जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। टक्कर मारे वाले वाहन चालक की पहचान नहीं हो पाई। ब्यूरो
ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार को आई गंभीर चोटें
जम्मू। शहर के पुरमंडल मोड़ पुल पर ट्रक चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मारी दी। इसमें स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान अनिल कुमार निवासी रत्नूचक के रूप में हुई है। घायल को श्री ओम अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार अनिल कुमार (जेके02सीएक्स 7295) स्कूटी पर ग्रेटर कैलाश की तरफ आ रहा था। इस दौरान ही स्कूटी सवार को ट्रक ने टक्कर मारी दी। इसमें स्कूटी सवार को गंभीर चोटें आईं। लोगों ने पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी। हालांकि समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंचने के कारण स्थानीय लोगों ने एक लोड कैरियर में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया।
142 ग्राम गांजे और नकदी के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
जम्मू। बिश्नाह पुलिस ने महिला तस्कर को उसके घर से 142 ग्राम गांजा और 2.89 लाख रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान नीलम देवी पत्नी तरसेम लाल निवासी दीनदे खूरद बिश्नाह के रूप में हुई है। बिश्नाह पुलिस ने एसएचओ चौधरी के नेतृत्व को महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ आरोपी को पकड़ा
जम्मू। बिश्नाह पुलिस ने बाइक चोरी की एक शिकायत में 48 घंटे के भीतर चोर को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली है। 18 सितंबर को बिश्नाह पुलिस थाने में सुरजन सिंह निवासी चिम्बियन जट्टां बिश्नाह ने अपनी बाइक चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बाइक (जेके02बीटी-4058) की चोरी होने की बात कही। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए पकड़ा। उससे पूछताछ के बाद उसने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की पहचान वरुण कुमार निवासी भग्गा मोड़ आरएस पुरा के रूप में हुई है।