जम्मू। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आगामी 25 सितंबर को जम्मू में विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों से मिलेंगे। यह मुलाकात जम्मू-कश्मीर में उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर खुले संवाद के लिए एक मंच प्रदान करेगा। इसमें राष्ट्रीय स्तर पर उनकी आवाज को सुनने का मौका दिया जाएगा।
ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (एआईपीसी) की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख संजय सप्रू ने बताया कि डोगरी धाम नामक बैठक प्रदेश में लोकसभा में विपक्ष के नेता के प्रचार अभियान के दौरान होगी। राहुल गांधी इन समुदायों के सामने आने वाले मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने के लिए श्रीनगर में भी पेशेवर बैठकें करेंगे। इससे पहले जम्मू में 25 सितंबर को पेशेवरों के साथ जम्मू में बैठक की जा रही है। उन्होंने जोर दिया कि यह कार्यक्रम पेशेवरों के लिए क्षेत्र में महत्वपूर्ण चुनौतियों के बारे में खुले संवाद में शामिल होने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। पहली बार एआईपीसी जैसा राजनीतिक मंच पेशेवरों को अपनी चिंताओं, आकांक्षाओं और विचारों को सीधे साझा करने का मौका दे रहा है। पेशेवरों के साथ संभावित समाधानों पर सहयोग करते हुए आर्थिक विकास, रोजगार के अवसरों, उद्योग-विशिष्ट चुनौतियों और नवाचार से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस पार्टी के एक नेता ने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव में 23 सितंबर को राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तारिक हामिद कर्रा के समर्थन में श्रीनगर के शाल्टेंग निर्वाचन क्षेत्र और पुंछ जिले के सुरनकोट निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करना प्रस्तावित है। 25 सितंबर को उनके जम्मू में भी एक जनसभा को संबोधित करना प्रस्तावित है।