जम्मू। केंद्रीय मंत्री व भाजपा के जम्मू-कश्मीर चुनाव प्रभारी जी किशन रेड्डी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को जिन्ना के संविधान से नहीं, बल्कि बीआर आंबेडकर के संविधान से चलाया जा रहा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान पर टिप्पणी करते हुए रेड्डी ने कहा कि अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए पाकिस्तान और नेकां, कांग्रेस तथा पीडीपी एक ही मंच पर हैं।
रेड्डी ने कहा भाजपा लगातार कहती रही है कि पाकिस्तान और नेकां, कांग्रेस व पीडीपी के बीच सांठगांठ है और पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान के बाद यह साबित हो गया है। पाकिस्तान के इशारे पर नेकां, कांग्रेस और पीडीपी अनुच्छेद 370 को बहाल करने का वादा करके जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद, हड़ताल, बंद और अशांति के युग में वापस धकेलना चाहते हैं। ये दल जम्मू-कश्मीर में विकास नहीं देखना चाहते हैं और किसी भी हालत में सत्ता में बने रहना चाहते हैं और इसके लिए वे पाकिस्तान की मदद लेते हैं। ये दल आतंकवाद और अलगाववाद को फिर से जीवित करना चाहते हैं, जिसे भाजपा कभी नहीं होने देगी।